मामलों में जारी थे 2 स्थाई एवं 2 गिरफ्तारी वारंट, पुलिस को लंबे समय से थी तलाश
पुलिस अधीक्षक महोदय श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) द्वारा लंबे समय से आपराधिक मामलों में फरार चल रहे वारंटियों की धरपकड़ कर उनकी गिरफ्तारी किए जाने हेतु निर्देशित किया गया है।
उक्त निर्देशों के पालन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस द्वारा लगातार फरार वारंटियों की तलाश एवं गिरफ्तारी हेतु प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने वर्ष 2019 एवं 2020 के चार आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
थाना कोतवाली कटनी में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 558/19, 746/19, 249/20 एवं 698/20 में आरोपी पवन उर्फ शनि ठाकुर पिता सुरेश ठाकुर उम्र 26 वर्ष निवासी शेर चौक, जालपा मढ़िया के पास कटनी के विरुद्ध माननीय न्यायालय द्वारा 02 स्थाई वारंट एवं 02 गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। आरोपी के विरुद्ध हत्या के प्रयास एवं अवैध रूप से पैसों की मांग करने जैसे गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से अपने निवास स्थान से फरार होकर लगातार ठिकाने बदल रहा था, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा निरंतर की जा रही थी।
आज दिनांक 25.11.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि उक्त वारंटी सुभाष चौक के आसपास बाजार में घूम रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम को रवाना किया गया। पुलिस टीम द्वारा तलाश के दौरान वारंटी को सुभाष चौक स्थित यूनियन बैंक गली में जाते हुए देखा गया। पुलिस को देखकर आरोपी ने गलियों में भागने का प्रयास किया, किंतु पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर थाना लाया गया तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय द्वारा बताया गया कि पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन में थाना क्षेत्र के फरार स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटियों की लगातार तलाश कर उनकी धरपकड़ की जा रही है। इसी अभियान के तहत चार मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे पवन उर्फ शनि ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया है।
पुलिस कार्यवाही में विशेष भूमिका- पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक श्री अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र प्रताप सिंह, पुष्पराज सिंह एवं आरक्षक दीपक तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



