बिना नंबर प्लेट, आरएफआईडी टैग और वैध दस्तावेजों के खनिज परिवहन पर होगी सख्त कार्रवाई
कटनी (23 नवंबर) - जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए अवैध खनिज परिवहनकर्ताओं के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा समय-सीमा बैठक में दिये गये निर्देश के पालन में संयुक्त जांच दल द्वारा सुरखी टैंक के समीप स्थित नाके पर कार्रवाई करते हुए निर्धारित क्षमता से अधिक फायर क्ले का परिवहन कर रहे एक ओवरलोड वाहन को जब्त किया गया। जब्त वाहन को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस थाना बड़वारा की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है।
कलेक्टर श्री तिवारी के निर्देश पर पिछले एक पखवाड़े से खनिज, पुलिस, परिवहन और वन विभाग का संयुक्त अमला सुरखी टैंक के समीप वन चौकी पर जांच अभियान चला रहा है। यहां से गुजरने वाले प्रत्येक खनिज परिवहन वाहन की नंबर प्लेट, आरएफआईडी (खनिज टैग) और वैध परिवहन दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
प्रशासन की लगातार निगरानी का असर भी दिखाई देने लगा है। क्षेत्र में संदिग्ध और अज्ञात वाहनों की आवाजाही में कमी आई है। इसके पहले संयुक्त दल द्वारा रेत और गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर तीन वाहनों को जब्त कर संबंधित पुलिस थानों की अभिरक्षा में सौंपा जा चुका है।
बिना नंबर प्लेट और आरएफआईडी के नहीं होगा खनिज परिवहन
जिला प्रशासन ने खदान संचालकों और ट्रांसपोर्टरों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना मानक नंबर प्लेट, वैध ई-परिवहन पास (e-TP) और आरएफआईडी टैग के खनिज परिवहन करने पर संबंधितों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सभी खदान धारकों को निर्देशित किया गया है कि वे केवल उन्हीं वाहनों में खनिज का लदान करें, जिनमें मानक नंबर प्लेट और आरएफआईडी टैग लगे हों। इन शर्तों का पालन नहीं करने वाले वाहनों में खनिज भरने और ई-टीपी जारी करने पर भी रोक रहेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वाहनों की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ या उसके अस्पष्ट होने पर परिवहन नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। वहीं अवैध खनिज गतिविधियों में संलिप्तता पाए जाने पर खनिज नियमों के तहत भी दंडात्मक कार्रवाई होगी।



