कटनी - भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय एवं मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में 17 अगस्त तक “हर घर तिरंगा अभियान-2026” का आयोजन किया जा रहा है। जिले में अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर की अध्यक्षता में 4 सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है।
जारी आदेश के अनुसार आयुक्त, नगर पालिक निगम तपस्या परिहार, शासकीय तिलक महाविद्यालय के प्राचार्य सुनील वाजपेयी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री सच्चिदानंद पाण्डेय एवं जिला जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज श्रीवास्तव को अभियान का सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही सभी अधिकारियों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर गतिविधियों का सफल आयोजन एवं उनकी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट www.harghartiranga.com पर अपलोड कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
घर-घर तिरंगा फहराने के लिए किया जाएगा प्रेरित
अभियान के दौरान आम नागरिकों को अपने घरों, कार्यालयों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। स्थानीय स्व-सहायता समूहों एवं उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से आमजन के लिए पर्याप्त मात्रा में खादी एवं पॉलिएस्टर के राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान का प्रचार-प्रसार करने के लिए भी नागरिकों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
कला से लेकर तिरंगा यात्रा तक होंगे कार्यक्रम
जिले में तिरंगा आधारित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिनमें तिरंगा प्रदर्शनी एवं तिरंगा रंगोली,तिरंगा बुनाई और तिरंगा सजावट,तिरंगा पर प्रश्नोत्तरी एवं स्वयंसेवा गतिविधियां,तिरंगा कॉन्सर्ट और नुक्कड़ नाटक,तिरंगा बाइक/ई-बाइक एवं साइकिल रैली,तिरंगा यात्रा,तिरंगा झंडा बिक्री एवं संबंधित व्यवस्थाएं,तिरंगा एंथम सहित अन्य देशभक्ति कार्यक्रम शामिल हैं। अभियान में विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों, पंचायतों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं और आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर विशेष आयोजन
इस वर्ष राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शासकीय कार्यक्रमों, शिक्षण संस्थानों तथा सार्वजनिक समारोहों में निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार ‘वंदे मातरम्’ का गायन/वादन और उसके बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ किया जाएगा। प्रत्यक्ष आयोजनों में राष्ट्रीय गीत और तिरंगे का प्रदर्शन दोनों शामिल किए जाएंगे। डिजिटल आयोजनों में भी हर घर तिरंगा पोर्टल के माध्यम से इन गतिविधियों को जोड़ा जाएगा।
14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’
14 अगस्त 2026 को जिले में “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” संवेदनशीलता और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। विभाजन के दौरान विस्थापन का दंश झेलने वाले तथा अपने प्राण गंवाने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
जिला एवं संभाग स्तर पर शांति मार्च (मौन जुलूस) और स्मृति सभाएं आयोजित होंगी। इनमें विभाजन से प्रभावित परिवारों अथवा उनके प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।
सार्वजनिक स्थानों पर लगाई जाएंगी फोटो एवं अभिलेख प्रदर्शनी
विभाजन की ऐतिहासिक घटनाओं और विस्थापित परिवारों से जुड़ी तस्वीरों एवं अभिलेखों की प्रदर्शनी सार्वजनिक स्थलों, पुस्तकालयों एवं प्रमुख भवनों में लगाई जाएगी। कार्यक्रमों का उद्देश्य ऐतिहासिक पीड़ा को स्मरण करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति संकल्प को मजबूत करना है।
डिजिटल भागीदारी पर भी रहेगा जोर
अभियान के दौरान आयोजित कार्यक्रमों के वीडियो, छायाचित्र एवं संक्षिप्त विवरण हर घर तिरंगा की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। नागरिक तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी सोशल मीडिया पर अपलोड कर सकेंगे।
#JansamparkMP
#DrMohanYadav51 #CMMadhyaPradesh #JanVishwasAbhiyan2026 #हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम
#katni #कटनी



