कटनी। जनसुनवाई में मिली अवैध मदिरा विक्रय की शिकायत पर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर आबकारी विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वृत्त कटनी क्रमांक-03 एवं स्लीमनाबाद क्षेत्र में अवैध शराब के ठिकानों पर व्यापक दबिश दी। अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में 17 हजार रुपए से अधिक मूल्य की देशी मदिरा एवं बीयर जब्त की गई, जबकि आबकारी अधिनियम के तहत 5 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय और परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत की जांच के लिए आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी श्री मंशा राम उइके के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
आबकारी अमले ने भानपुरा नंबर-1, हरदुआ, भटिया मोहल्ला बिछुआ, लालपुर, बिचपुरा और शाहपुर में अवैध मदिरा विक्रय के संदिग्ध ठिकानों पर विधिवत तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान 197 पाव देशी मदिरा, प्रत्येक 180 एमएल तथा 13 बोतल बीयर, प्रत्येक 650 एमएल बरामद की गई। जब्त मदिरा को विधिवत कब्जे में लेकर संबंधित मामलों में वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई।
5 मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई
अवैध मदिरा विक्रय के मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(क) के तहत कुल 5 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। विभाग द्वारा मामलों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
शिकायत पर संज्ञान, मौके पर पहुंचा अमला
जनसुनवाई में आम नागरिकों द्वारा दी जाने वाली शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश कलेक्टर श्री तिवारी द्वारा अधिकारियों को दिए गए हैं। इसी का परिणाम है कि अवैध मदिरा विक्रय की शिकायत सामने आते ही आबकारी अमले ने संबंधित क्षेत्रों में पहुंचकर जांच की और कार्रवाई की।
जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों की सूचना मिलने पर जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री सूर्यभान कोरी एवं श्री प्रवीण रतन वरकड़े, आबकारी उपनिरीक्षक श्री अतुल कुटार एवं श्रीमती सीमा देवी कोल सहित आबकारी विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



