कटनी (27 अगस्त) - 72वें दधिकांदो महोत्सव के अवसर पर 6 सितंबर को प्रस्तावित भगवान श्री मुरली मनोहर जी की शोभायात्रा को लेकर नगर पालिक निगम कटनी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शोभायात्रा मार्ग पर आवश्यक व्यवस्था की जिम्मेदारी निगम के संबंधित अधिकारियों को सौंपी है।
निगम आयुक्त तपस्या परिहार द्वारा जारी आदेश के तहत शोभायात्रा मार्ग पर विशेष साफ-सफाई, शोभायात्रा रूट, स्वागत स्थलों पर पर्याप्त वालेंटियर्स एवं डस्टबिन की व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था तथा शुद्ध पेयजल के लिए पानी के टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलने देने के भी निर्देश दिए गए हैं।
शोभायात्रा श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से प्रारंभ होकर सुभाष चौक, खेरमाई मंदिर, केपीसंस चौराहा, घंटाघर, गर्ग चौराहा, हरेश्वर मंदिर, बड़े गणेश मंदिर, गोलबाजार, रामलीला मैदान, कमानिया गेट, हनुमान मंदिर, सुभाष चौक, कपड़ा बाजार एवं जवाहर चौक होते हुए पुनः श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर पहुंचेगी। निगम प्रशासन द्वारा संबंधित अमले को सौंपे गए दायित्वों का समय-सीमा में पालन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है।



