कटनी CSP नेहा पच्चीसिया निलंबित, 92 लाख की शिकायत और गंभीर आरोपों के बाद सरकार का बड़ा एक्शन
कटनी/भोपाल। कटनी की नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) नेहा पच्चीसिया पर मध्यप्रदेश शासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। गृह विभाग द्वारा 21 अगस्त 2026 को जारी निलंबन आदेश में शिकायत, जांच रिपोर्ट और दर्ज आपराधिक प्रकरण को कार्रवाई का आधार बनाया गया है।
आदेश के मुताबिक, नेहा पच्चीसिया के खिलाफ डरा-धमकाकर जमीन की रजिस्ट्री कराने और 92 लाख रुपये की राशि नहीं देने संबंधी शिकायत सामने आई थी। मामले में कुठला थाने में अपराध क्रमांक 271/26 दर्ज किया गया था। इसके साथ ही BNS और एससी/एसटी एक्ट से जुड़े मामले की विवेचना में लापरवाही के आरोपों का भी उल्लेख किया गया है।
जांच प्रतिवेदन में साक्ष्यों और कथनों के आधार पर नेहा पच्चीसिया, क्षितिजराज बारापचे और मारूफ अहमद हनफी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत दंडनीय आपराधिक दुर्व्यवहार पाया गया। इसके आधार पर कुठला थाने में अपराध क्रमांक 738/26 दर्ज किया गया है।
गृह विभाग के आदेश में कहा गया है कि नेहा पच्चीसिया द्वारा मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम-1965 के नियम-3 का उल्लंघन किया गया। आदेश में इसे शासकीय सेवक के नैतिक अधोपतन और गंभीर कदाचार से संबंधित माना गया है।
इसके बाद राज्य शासन ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम-1966 के नियम-9 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए नेहा पच्चीसिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्णय लिया।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल रहेगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
सरकार के इस बड़े एक्शन के बाद कटनी पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।



