नगरीय एवं उपनगरीय क्षेत्रों में पहुंच बढ़ाकर हर पात्र उपभोक्ता को योजना का लाभ दिलाने निगम के प्रयास जारी
कटनी। जलकर उपभोक्ताओं को बकाया जलकर के बोझ से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा लागू की गई जलकर राहत योजना का लाभ अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए निगम प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। योजना की पहुंच बढ़ाने के लिए निगम कार्यालय एवं जोन कार्यालय सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर काउंटर और शिविर स्थापित कर नागरिकों को मौके पर ही योजना की जानकारी एवं लाभ प्रदान किया जा रहा है।
इसी क्रम में गुरुवार को उपनगरीय क्षेत्र एनकेजे बजरिया में कमल सरदार की होटल के पास जलकर राहत योजना का स्टॉल स्थापित किया गया। यहां निगम के जलकर उपभोक्ताओं को उनके बकाया जलकर की जानकारी उपलब्ध कराते हुए कुल बकाया राशि का 50 प्रतिशत एकमुश्त जमा करने शेष बकाया 50 प्रतिशत की राशि की छूट का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही मौके पर ही आवश्यक जानकारी एवं भुगतान संबंधी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
निगम प्रशासन का उद्देश्य है कि योजना का लाभ लेने से कोई भी पात्र उपभोक्ता वंचित न रहे। इसी को ध्यान में रखते हुए शहर के साथ-साथ उपनगरीय क्षेत्रों में भी पहुंच बनाकर नागरिकों को योजना से जोड़ा जा रहा है। निगम द्वारा उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित अवधि में अपने बकाया जलकर का लाभप्रद तरीके से निपटारा कर 50 प्रतिशत छूट का लाभ उठाएं।



