कटनी। अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमा विसर्जन एवं चल समारोह को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्विघ्न संपन्न कराने नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां पूर्णता की ओर हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और घाटों पर व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने 132 अधिकारी-कर्मचारियों की तीन पालियों में ड्यूटी निर्धारित कर दायित्व सौंपे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित स्थलों पर समय से उपस्थित रहकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
12 कृत्रिम विसर्जन कुंडों पर रहेंगी व्यवस्थाएं
नगर में प्रतिमा विसर्जन के लिए 12 कृत्रिम विसर्जन कुंड चिन्हित किए गए हैं। इनमें गाटरघाट, मोहनघाट, मसुरहा घाट, माई नदी घाट, छपरवाह घाट, बिलगवां घाट, सिमरार नदी रपटा, पीरबाबा निवार, बजरंग कॉलोनी, ट्रांसपोर्ट नगर तालाब सहित गायत्री नगर में एमएस पब्लिक स्कूल के सामने निर्मित कृत्रिम कुंड शामिल हैं। प्रत्येक विसर्जन स्थल पर प्रभारी अधिकारी एवं सहयोगी कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है, ताकि श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं का समन्वित संचालन हो सके।
तीन पालियों में 132 अधिकारी-कर्मचारी रहेंगे तैनात
विसर्जन पर्व के दौरान निरंतर व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी तीन पालियों में निर्धारित की गई है। प्रथम पाली प्रातः 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक, द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से रात्रि 9 बजे तक तथा तृतीय पाली रात्रि 9 बजे से विसर्जन कार्य की समाप्ति तक कार्यरत रहेगी। निगम प्रशासन द्वारा घाटों पर स्वच्छता, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा विसर्जन कार्य में आवश्यक समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बाबा घाट के स्थान पर एमएस स्कूल के सामने होगा विसर्जन
गायत्री नगर स्थित बाबा घाट, हनुमान मंदिर के समीप बनाए गए विसर्जन कुंड के स्थल में परिवर्तन किया गया है। अब श्रद्धालु गायत्री नगर, मित्र विहार कॉलोनी में चंद्रशेखर आजाद गार्डन के पहले एमएस पब्लिक स्कूल के सामने निर्मित कृत्रिम विसर्जन कुंड में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कर सकेंगे। निगम प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित स्थल पर ही प्रतिमा विसर्जन करने की अपील की है।
कटाएघाट एवं अमीरगंज तालाब में विसर्जन प्रतिबंधित
निगमायुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार कटाएघाट एवं अमीरगंज तालाब में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इन स्थलों पर भी तीन पालियों में घाट प्रभारी एवं कर्मचारियों की तैनाती कर आवश्यक निगरानी एवं कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पर्यावरण संरक्षण हेतु दोना-पत्तल अपनाने की अपील
नगर निगम प्रशासन ने गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों से भंडारे एवं प्रसाद वितरण के दौरान अमानक प्लास्टिक सामग्री के स्थान पर कागज अथवा पत्तों से बने दोना-पत्तल का उपयोग करने की अपील की है। निगम प्रशासन ने कहा है कि पर्यावरण संरक्षण के साथ नगर की स्वच्छता बनाए रखने में समितियों एवं श्रद्धालुओं की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
निगमायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करने तथा विसर्जन पर्व के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।



