कटनी (24 नवंबर)- गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व (गुरु नानक जयंती) के पावन अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हर सिमरनप्रीत कौर ने अपने परिवार सहित गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा पहुंचकर श्रद्धापूर्वक माथा टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर सुख, शांति, समृद्धि एवं सर्वकल्याण की कामना करते हुए अरदास की। सभी ने गुरु नानक देव जी के बताए प्रेम, भाईचारे, समानता, मानवता और सेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी समाज को एकता, सद्भाव और निस्वार्थ सेवा का संदेश देती हैं। उनका संदेश 'नाम जपो, किरत करो और वंड छको' मानव जीवन को सार्थक बनाने की प्रेरणा देता है। गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा और भक्ति के वातावरण के बीच गुरु पर्व का यह अवसर आध्यात्मिक आस्था एवं सामाजिक सौहार्द का सुंदर प्रतीक बना। इस दौरान योगेंद्र कुमार असाटी राष्ट्रीय संरक्षक, अवतार सिंह टुटेजा, लकी ग्रोवर, उमेश सोनी सहित इष्ट मित्र और शुभ चिंतक मौजूद रहे।



