कटनी (3 सितंबर)- प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में उद्यमिता विकास को बढ़ावा देने, अधिक से अधिक महिला उद्यमियों को तैयार करने तथा युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय एवं विश्व बैंक समर्थित रैम्प योजना के अंतर्गत लघु उद्योग भारती द्वारा जिला पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में दो दिवसीय कंपोजिट वर्कशॉप का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती ज्योति सिंह की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान स्व-सहायता समूहों एवं उद्यमियों को जेड सर्टिफिकेशन, ईएसजी एवं आईसीपी अवेयरनेस, स्व-सहायता समूह फॉर्मलाइजेशन एवं उद्यमिता विकास, जीआई अवेयरनेस, टीम इनिशिएटिव, ओएनडीसी के परिचय तथा शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
साइबर जागरूकता से लेकर स्टार्टअप एवं बैंकिंग सहायता की दी जानकारी
कार्यशाला के दूसरे दिन विशिष्ट अतिथि लघु उद्योग निगम भोपाल के अध्यक्ष श्री सत्येंद्र सिंह राठौर, लघु उद्योग भारती महाकौशल अंचल के अध्यक्ष श्री अनिल वासवानी, श्री हरि सिंह भदौरिया, श्री मुरलीधर रत्नानी सहित अन्य सदस्यों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
द्वितीय दिवस के प्रथम सत्र में पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनव विश्वकर्मा ने उद्यमियों, स्व-सहायता समूहों एवं आईटीआई छात्रों को ‘साइबर जागरूकता 2.0’ के माध्यम से साइबर अपराधों से बचाव एवं सतर्कता के संबंध में जागरूक किया। इसके साथ ही न्यू स्टार्टअप पॉलिसी, एमएसएमई वित्तीय जागरूकता, ऋण एवं वित्तीय योजनाओं, बैंकिंग सहायता, रैम्प योजना तथा विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के प्रयासों की जानकारी दी गई।
विशिष्ट अतिथि श्री सत्येंद्र सिंह राठौर ने उद्यमियों एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अपने आसपास उपलब्ध स्थानीय उत्पादों और संसाधनों को पहचानकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों में बदला जा सकता है। उन्होंने युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय नौकरी देने वाला बनने तथा स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
हर विकासखंड में ऐसे आयोजन की जरूरत
कार्यशाला के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अशोक विश्वकर्मा ने विभिन्न पंचायतों एवं आईटीआई से आए विद्यार्थियों तथा उद्यमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रशासन एवं लघु उद्योग भारती के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की कार्यशालाओं का आयोजन जिले के प्रत्येक विकासखंड में किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं एवं महिलाओं को उद्यमिता से जोड़कर कटनी जिले को स्वरोजगार एवं स्वावलंबन की दिशा में अग्रणी बनाया जा सके।
कार्यक्रम का संचालन श्री अमित सिंघई एवं श्री निलेश विश्वकर्मा ने किया। आयोजन में महिला इकाई से प्रिया सोनी, श्वेता सिंघई, रश्मि जैन, आकांक्षा केसरी एवं अपर्णा गौर तथा पुरुष इकाई से राजकुमार असरानी, रॉकी राजपलानी, ईशान जैन, राहुल जैन एवं प्रभांशु वैश्य सहित विभिन्न संगठनों के उद्यमी एवं शासकीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।



