खितौली/कटनी। खितौली विद्युत मंडल क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग से ग्रामीणों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। मेंटेनेंस के दावों के बावजूद बगैहा, नदावन, छिंदहाई, पिपरिया, कछड़ारी सहित आसपास के गांवों में बिजली की अनियमित आपूर्ति से आम उपभोक्ता परेशान हैं। दिन हो या रात, बिजली कब गुल हो जाए और कब वापस आए, इसका कोई निश्चित समय नहीं है। इसी समस्या से नाराज होकर मंगलवार, 14 अक्टूबर को सैकड़ों ग्रामीणों ने नदावन पावर हाउस का घेराव किया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अघोषित कटौती बंद करने की मांग उठाई। इस दौरान ग्रामीणों और युवाओं ने विभागीय व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो विद्युत कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि नवरात्रि की बैठकी से ही गांवों में बिजली की आंख-मिचौली लगातार जारी है। एक ओर गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले में मां दुर्गा की प्रतिमाएं विराजमान हैं, वहीं दूसरी ओर बिजली की अनियमित आपूर्ति ने धार्मिक आयोजनों की व्यवस्थाओं को प्रभावित किया है। देवी जागरण, भजन-कीर्तन, रामलीला और अन्य कार्यक्रमों के दौरान बिजली की जरूरत अधिक रहती है, लेकिन बार-बार बिजली गुल होने से श्रद्धालुओं, आयोजन समितियों और ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक दिन में भीषण गर्मी से लोग बेहाल रहते हैं, जबकि रात में अंधेरा छाने के बाद जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है। बिजली कटौती का असर पेयजल व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। आरोप है कि दिन में 15 से 20 बार तक बिजली ट्रिप होती है और शाम 7 से 8 बजे के बाद कई बार दो से चार घंटे तक आपूर्ति बंद रहती है। बिजली बंद होने और बहाल होने का कोई निर्धारित समय नहीं होने से उपभोक्ता परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली की इस समस्या से बच्चों की पढ़ाई, युवाओं की दिनचर्या, घरेलू कामकाज और गांवों के सामान्य जनजीवन पर भी असर पड़ रहा है।
जेई हेमंत बट्टी से ग्रामीणों की बातचीत, कटौती के कारण पर उठे सवाल
नदावन पावर हाउस के घेराव के दौरान ग्रामीणों ने खितौली के सहायक अभियंता एवं जेई हेमंत बट्टी से भी बातचीत कर क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती की समस्या बताई। ग्रामीणों ने सवाल किया कि जब कटौती की समस्या मुख्य रूप से गांवों में ही अधिक दिखाई दे रही है, तो इसकी वजह क्या है और उपभोक्ताओं को नियमित बिजली क्यों नहीं मिल पा रही है? इस पर जेई हेमंत बट्टी के हवाले से ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कहा कि बिजली यहां से बंद नहीं होती, बल्कि ऊपर से बंद की जाती है। ग्रामीणों द्वारा गांवों में ही अधिक कटौती किए जाने का कारण पूछे जाने पर उन्होंने बिलिंग की समस्या और अधिक लोड को इसकी वजह बताया। जेई के इस जवाब के बाद ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि गांवों में बिलिंग और लोड की समस्या है, तो उसका स्थायी समाधान निकालने के लिए विभाग क्या कदम उठा रहा है? उपभोक्ताओं का कहना है कि समस्या का कारण बताने के साथ-साथ नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करना भी विभाग की जिम्मेदारी है।
हेल्पलाइन पर शिकायत, फिर भी उपभोक्ताओं को राहत नहीं
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली कंपनी की हेल्पलाइन 1912, सीएम हेल्पलाइन और विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने के बावजूद कटौती का स्पष्ट कारण और समाधान नहीं मिल पाता। जब संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन लगाकर बिजली बंद होने की जानकारी मांगी जाती है, तो कई बार फोन रिसीव नहीं किया जाता। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका सवाल है कि जब बिजली व्यवस्था की जिम्मेदारी विभाग की है, तो परेशानी के समय उपभोक्ताओं को सही जानकारी देने और शिकायतों का समय पर निराकरण करने की व्यवस्था क्यों नहीं है?
लाइनमैन और ऑपरेटरों की कार्यप्रणाली पर भी आरोप
ग्रामीणों ने नदावन पावर हाउस में पदस्थ ऑपरेटरों और लाइनमैनों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। ग्रामीणों ने रामसूजान काछी और रामा पटेल नामक लाइनमैनों के संबंध में आरोप लगाया कि जरूरत पड़ने पर फोन नहीं उठाया जाता और देर शाम फोन बंद मिलने की समस्या आती है। ग्रामीणों के अनुसार, बिजली बंद होने की शिकायत करने पर कई बार उन्हें यह कहकर जवाब दिया जाता है कि कटौती ऊपर से हो रही है और संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित कर्मचारियों का पक्ष सामने आना बाकी है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब स्थानीय स्तर पर ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा, तो आम उपभोक्ता आखिर अपनी फरियाद लेकर कहां जाए? ग्रामीणों और युवाओं ने मांग की कि बिजली विभाग कटौती का स्पष्ट शेड्यूल जारी करे, बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की समस्या दूर करे और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करे।
मेंटेनेंस के दावे, फिर भी बिजली कटौती क्यों?
बिजली कंपनी द्वारा आंधी, तूफान और बारिश के मौसम से पहले मेंटेनेंस किए जाने की बात कही जाती है, ताकि आपूर्ति बाधित न हो। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बिजली गुल होने से मेंटेनेंस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि तकनीकी खराबी या अधिक लोड की वजह से आपूर्ति बाधित हो रही है, तो विभाग को इसका स्थायी समाधान निकालना चाहिए। वहीं, यदि किसी कारण से बिजली बंद करनी पड़ती है, तो उपभोक्ताओं को पहले से जानकारी दी जानी चाहिए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
समस्या नहीं सुधरी तो विद्युत कार्यालय के सामने होगा धरना
नदावन पावर हाउस का घेराव करने पहुंचे ग्रामीणों और युवाओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों से अघोषित कटौती बंद कर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे विद्युत कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बिजली कटौती से गांवों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है और अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा।
अब बड़ा सवाल यह है कि खितौली विद्युत मंडल क्षेत्र के गांवों में बिजली व्यवस्था कब सुधरेगी? क्या विभाग बिलिंग और अधिक लोड की समस्या का समाधान कर ग्रामीणों को राहत देगा, या फिर उपभोक्ताओं को इसी तरह दिन-रात बिजली की आंख-मिचौली झेलनी पड़ेगी?
ग्रामीणों और युवाओं की मांग साफ है अघोषित कटौती पर रोक लगे, ट्रिपिंग की समस्या दूर हो और जिम्मेदार अधिकारी नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाएं।



