भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने प्रदेश में उर्वरकों की बिक्री पर आगामी आदेश तक रोक लगा दी है। किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग ने इस संबंध में सभी कलेक्टरों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। यह निर्णय 14 अगस्त 2026 की शाम 7 बजे से प्रभावी किया गया है।
विभाग के अनुसार किसानों को सुगमता से उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत सरकार के एफएमएस पोर्टल पर दर्ज जानकारी और प्रदेश के उर्वरक विक्रेताओं के वास्तविक भंडार का मिलान किया जाना है। इसी प्रक्रिया के चलते फिलहाल अनुदानित उर्वरकों की बिक्री पर रोक लगाई गई है।
बिक्री पर रोक के दौरान विपणन संघ के विक्रय केंद्रों, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों, मध्यप्रदेश एग्रो के विक्रय केंद्रों तथा निजी उर्वरक विक्रय केंद्रों से किसी भी प्रकार के अनुदानित उर्वरक की बिक्री नहीं की जाएगी।
कलेक्टरों को पालन कराने के निर्देश
सरकार ने सभी कलेक्टरों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में उर्वरक भंडार का मिलान और बिक्री पर रोक की व्यवस्था की निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
फिलहाल सरकार की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि भंडार मिलान की प्रक्रिया कब तक पूरी होगी और उर्वरकों की बिक्री दोबारा कब शुरू की जाएगी। खरीफ फसलों के लिए उर्वरक की जरूरत के बीच बिक्री पर रोक से किसानों की चिंता बढ़ गई है।



