कटनी मिथ्याछाप कलाकंद के विक्रय एवं संग्रहण पर न्याय निर्णायक अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी श्री नीलांबर मिश्रा ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई करते हुये बरही के पुराने बस स्टैण्ड स्थित सुयश स्वीट्स के विरूद्ध 40 हजार रूपये का अर्थदंड लगाया है।
निरीक्षण के दौरान लिया गया था नमूना
जानकारी के अनुसार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ब्रजेश कुमार विश्वकर्मा 21 अक्टूबर 2022 को दीपावली त्यौहार के मद्देनजर निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण के लिए सुयश स्वीट्स पहुंचे। निरीक्षण के दौरान दुकान पर खोवा, खोवा से बनी मिठाइयां, समोसा, नमकीन सहित अन्य खाद्य पदार्थ विक्रय के लिए रखे पाए गए। खोवा एवं कलाकंद में मिलावट की आशंका होने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने नियमानुसार दोनों खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर इन्हें राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया।
जांच रिपोर्ट में अमानक मिला कलाकंद
राज्य खाद्य प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार कलाकंद का नमूना मिथ्याछाप पाया गया। इसके बाद नियमानुसार प्रकरण की अभियोजन कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।
व्यापारी ने आरोपों से किया था इनकार
सुनवाई के दौरान अनावेदक सुयश अग्रवाल पिता ओम प्रकाश अग्रवाल की ओर से अधिवक्ता के माध्यम से जवाब प्रस्तुत किया गया। इसमें प्रकरण को निराधार बताते हुए कहा गया कि दुकान पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी के निरीक्षण के दौरान दुकान का संचालन किसी कर्मचारी द्वारा किया जा रहा था और सुयश अग्रवाल को दुकान का संचालक बताना गलत है। बचाव पक्ष ने नमूना कार्रवाई, बिल, जप्ती एवं अन्य दस्तावेजों को लेकर भी आपत्ति जताई तथा प्रकरण निरस्त करने का अनुरोध किया।
दस्तावेजी साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोष सिद्ध
सुनवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री विश्वकर्मा का कथन एवं प्रति-परीक्षण भी प्रकरण में दर्ज किया गया। न्यायालय द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों, नमूना जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद पाया गया कि कलाकंद का नमूना मिथ्याछाप था तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा नियमानुसार नमूना लेने एवं कार्रवाई किए जाने के पर्याप्त साक्ष्य प्रकरण में मौजूद हैं। न्यायालय ने माना कि अनावेदक सुयश अग्रवाल द्वारा ऐसा कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया, जिससे उसके विरुद्ध प्रस्तुत प्रकरण को झूठा या निराधार साबित किया जा सके।
40 हजार रूपये का लगाया गया आर्थिक दंड
प्रकरण में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 26(2)(ii), सहपठित धारा 52 का उल्लंघन पाया गया। इसके आधार पर धारा 51 एवं 58 में प्रदत्त प्रावधानों के तहत प्रतिष्ठान संचालक सुयश अग्रवाल को 40 हजार रूपये के आर्थिक दंड से दंडित किया गया।
30 दिवस में जमा करनी होगी राशि
साथ ही निर्देशित किया गया है कि अर्थदंड की राशि निर्धारित ट्रेजरी चालान के माध्यम से संबंधित शासकीय खाते में 30 दिवस के भीतर जमा कर चालान की प्रति न्यायालय में प्रस्तुत करें। राशि निर्धारित अवधि में जमा नहीं किए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 96 के तहत लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जा सकती है।



