कटनी (21 अगस्त) - मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने शुक्रवार को बाकल स्थित पीएम श्री एक शाला-एक परिसर विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, विद्यार्थियों के नामांकन तथा शिक्षा की गुणवत्ता की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान एसपी श्री अभिनय विश्वकर्मा एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने ली विद्यार्थियों के नामांकन की जानकारी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने जिला शिक्षा अधिकारी से विद्यालय में विद्यार्थियों के नामांकन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने तथा उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए।
पीएम श्री बनने से मिले लाभ छात्रा गौरी ने बताए
कलेक्टर श्री तिवारी ने कक्षा 12वीं कला संकाय की छात्रा गौरी से संवाद करते हुए पूछा कि विद्यालय के पीएम श्री बनने के बाद विद्यार्थियों को क्या-क्या लाभ मिल रहे हैं। छात्रा गौरी ने आत्मविश्वास के साथ बताया कि विद्यालय में लैब की सुविधा विकसित हुई है, म्यूजिक शिक्षक की व्यवस्था हुई है तथा इसके अलावा भी विद्यार्थियों को कई सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। छात्रा के उत्तर से प्रसन्न होकर कलेक्टर ने विद्यालय में खेल गतिविधियों को और बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालय में खेल शिक्षक की व्यवस्था की जाए, ताकि विद्यार्थी पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग ले सकें और खेल के प्रति उनकी रुचि विकसित हो।
छात्रा प्रांसी ने बताया मध्यप्रदेश की प्रमुख पर्वत श्रेणियां
इसी क्रम में कलेक्टर श्री तिवारी ने कक्षा 10वीं की छात्रा प्रांसी लोधी से मध्यप्रदेश में स्थित पर्वत श्रेणियों के संबंध में सवाल किया। छात्रा ने सही उत्तर देते हुए सतपुड़ा और विंध्याचल पर्वत श्रेणियों का नाम बताया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से इसी प्रकार आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों के उत्तर देने और सामान्य ज्ञान को मजबूत करने के लिए नियमित अध्ययन करने की बात कही।
बुनियादी शिक्षा के साथ संसारिक ज्ञान भी जरूरी : कलेक्टर श्री तिवारी
कलेक्टर श्री तिवारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को बुनियादी शिक्षा के साथ-साथ सांसारिक एवं व्यावहारिक शिक्षा भी प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल पाठ्यक्रम आधारित ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने आसपास की दुनिया, सामान्य ज्ञान, खेल, कला, संस्कृति और व्यावहारिक जीवन से जुड़ी जानकारी भी दी जानी चाहिए।



