शहर में वायु प्रदूषण की रोकथाम एवं नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम प्रशासन द्वारा प्राप्त शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की गई।
शिकायत में शंभू टॉकीज, संत नगर, गोकुलधाम के आगे जोविअल स्कूल के पास घर के पीछे प्रतिदिन कोयला जलाकर व्यावसायिक गतिविधि किए जाने से धुएं एवं प्रदूषण की समस्या उत्पन्न होने की शिकायत की गई थी।
शिकायत को संज्ञान में लेते हुए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशन में निगम के स्वास्थ्य अमले एवं अतिक्रमण विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके पर रखे कोयले को जब्त करने की कार्रवाई की गई। निगम अमले द्वारा संबंधित व्यक्ति को स्पष्ट रूप से कोयला नहीं जलाने तथा आसपास के वातावरण में धुआं एवं प्रदूषण नहीं फैलाने की सख्त हिदायत दी गई। इस दौरान अतिक्रमण अधिकारी मानेंद्र सिंह, स्वच्छता निरीक्षक निशांत कनोजिया सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी रही।



