कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले में संचालित सभी 64 मछुआ सहकारी समितियों की पात्रता, सक्रियता एवं कार्यप्रणाली की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश सहायक आयुक्त सहकारिता को दिए। इसके साथ ही उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत ढीमरखेड़ा क्षेत्र में संचालित शासकीय उचित मूल्य की 3 दुकानों में सामने आई अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुये अधिकारियों को संबंधित दुकान संचालकों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा एवं नियमानुसार खाद्यान्न उपलब्ध कराना संबंधित विक्रेताओं की जिम्मेदारी है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार एवं अपर कलेक्टर श्री नीलाम्बर मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
मछुआ सहकारी समितियों का होगा भौतिक सत्यापन
कलेक्टर श्री तिवारी ने मछुआ सहकारी समितियों की जांच के दौरान समिति के सभी सदस्यों का सूची के अनुसार भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच केवल अभिलेखों तक सीमित न रहे, बल्कि समितियों की वास्तविक सक्रियता और पात्र सदस्यों की स्थिति का भी परीक्षण किया जाए।
जांच के दौरान समितियों को विगत पांच वर्षों की सदस्य बैठक पंजी, सदस्यों द्वारा किए गए मत्स्याखेट की पंजी, मत्स्योत्पादन एवं तौल पंजी तथा लाभांश वितरण पंजी प्रस्तुत करना होगा। इसके साथ ही शासकीय मत्स्य बीज प्रक्षेत्र से विगत 10 वर्षों में क्रय किए गए मत्स्य बीज की रसीदें भी उपलब्ध करानी होंगी। इसके अलावा विगत तीन वर्षों की ऑडिट रिपोर्ट, कैशबुक, समिति की बैंक पासबुक, विगत छह माह का बैंक स्टेटमेंट तथा पिछले पांच वर्षों में विभाग द्वारा प्रदान की गई अनुदान राशि से संबंधित अभिलेख भी जांच के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी अभिलेखों का गहन परीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि जांच में अपात्र पाए जाने वाले सदस्यों को नियमानुसार समिति से निष्कासित किया जाए। इसी प्रकार जो समितियां लंबे समय से निष्क्रिय हैं, उनकी स्थिति का परीक्षण कर नियमानुसार उन्हें समाप्त करने की कार्यवाही की जाए।
लंबित प्रकरणों का करें निराकरण
बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की भी समीक्षा की। उन्होंने मुड़वारा विधानसभा क्षेत्र के बिलहरी क्लस्टर में आयोजित होने वाले आगामी शिविर की तैयारियों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर के पूर्व अपने-अपने विभाग से संबंधित लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों एवं आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनविश्वास अभियान का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। इसलिए विभागीय अधिकारी लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए समय-सीमा में निराकरण करें।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लायें तेजी
कलेक्टर श्री तिवारी ने विभिन्न विभागों की लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने एमएसएमई, खनिज, लोक निर्माण विभाग, नगरीय विकास, जल संसाधन, श्रम, वित्त, सहकारिता, स्कूल शिक्षा, आबकारी, सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सहित अन्य विभागों में लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुये अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण करते हुए प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने अनमोल पोर्टल पर गर्भवती माताओं की एएनसी जांच तथा एनीमिया के मामलों की जानकारी ली। उन्होंने सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों को इन कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों में 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जाए, ताकि पात्र वरिष्ठजनों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत पोषण किट वितरण की प्रगति की भी समीक्षा की तथा पात्र मरीजों तक पोषण सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।
लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा
महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री तिवारी ने मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत रीठी, विजयराघवगढ़ एवं कटनी शहरी क्षेत्र के परियोजना अधिकारियों को पंजीयन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवजात बच्चों के नए जन्म प्रमाण पत्र तैयार कराने तथा बच्चों के आधार पंजीयन की प्रक्रिया को भी प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।



