कटनी – शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तम्बाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने और विद्यार्थियों को तम्बाकू के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत माधवनगर क्षेत्र में जागरूकता एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में जिला नोडल अधिकारी डॉ. चांदनी रिमझा ने प्रवर्तन दल के साथ क्षेत्र की दुकानों का भ्रमण कर दुकानदारों को तम्बाकू नियंत्रण कानून की जानकारी दी।
अभियान के दौरान शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, डायमंड स्कूल, शिकागो पब्लिक स्कूल (मंसरोवर कॉलोनी), मॉडल पब्लिक स्कूल सहित अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास स्थित दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दुकानदारों को शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तम्बाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने तथा कानून के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने की समझाइश दी गई। नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। अभियान में उप निरीक्षक श्री योगेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक श्री राजेश तिवारी एवं श्री पवन सिंह शामिल रहे।
100 गज की परिधि में बिक्री प्रतिबंधित
सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA), 2003 की धारा 6(ब) के तहत किसी भी शैक्षणिक संस्थान की 100 गज की परिधि में सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित है। इस प्रावधान का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
स्वास्थ्य विभाग ने दुकानदारों एवं नागरिकों से कानून का पालन करने और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तम्बाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने की अपील की है।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी



