कटनी मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड कटनी के सेक्टर क्रमांक-3 कन्हवारा अंतर्गत ग्राम मड़ई में परिषद से संबद्ध नवांकुर संस्था बारडोली वेलफेयर सोसाइटी कटनी द्वारा नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा के माध्यम से महिलाओं को पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में परिषद के जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल, विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र, जनपद सदस्य नंदलाल कोरी एवं बारडोली वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष आर.एल. चौधरी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में नवांकुर सखियों ने सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया।
विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र ने हरियाली यात्रा के उद्देश्य की जानकारी देते हुए बताया कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से कटनी जिले के 30 सेक्टरों में नवांकुर सखी हरियाली यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है।
जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल ने नवांकुर सखी योजना की जानकारी देते हुए महिलाओं को अपने साथ 10 नवांकुर सखियों को जोड़ने तथा प्रत्येक सखी के माध्यम से एक-एक पौधा रोपित कर ग्राम को हरा-भरा बनाने के लिए प्रेरित किया। अतिथियों ने नवांकुर सखियों को एक-एक पौधा वितरित कर सुरक्षित स्थान पर रोपण एवं उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया।
इसके बाद महिलाओं की सहभागिता से हरियाली यात्रा निकाली गई। नवांकुर सखियां एक जैसी वेशभूषा में सिर पर कलश और हाथों में पौधे लेकर बैंड-बाजों की धुन पर ग्राम का भ्रमण करती रहीं। यात्रा के दौरान “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ”, “धरती माता करे पुकार, पेड़ लगाकर करो श्रृंगार” तथा “नवांकुर सखियों का एक ही सपना, घर में हरा पेड़ हो अपना” जैसे नारों से ग्रामीणों को पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण में योगदान देने वाली ग्राम की महिलाओं को सम्मानित किया गया। आयोजन में नवांकुर संस्था के कार्यक्रम समन्वयक शिवकुमार चौधरी, सेक्टर प्रभारी गनपत लाल कोल, राजू यादव, प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधि राजकुमार त्रिपाठी, सुनैना चौधरी तथा परामर्शदाता श्रीमती रूपा बर्मन और माया गुप्ता की विशेष सहभागिता रही।



