जीआरपी की बड़ी कार्रवाई: आरोपी के कब्जे से 36 मोबाइल और एक आईफोन बरामद, आरोपी पर पहले से 11 अपराध दर्ज
भोपाल/बीना। ट्रेनों में यात्रियों के सामान और मोबाइल चोरी करने वाले शातिर आरोपी को जीआरपी थाना बीना पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 36 मोबाइल फोन और एक आईफोन एप्पल बरामद किया है। बरामद मशरूके की कुल कीमत करीब 7 लाख 82 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, ट्रेनों में चोरी की घटनाओं की रोकथाम एवं आरोपियों की धरपकड़ के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में लगातार कार्रवाई की जा रही थी। इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक बी.बी.एस. परिहार के नेतृत्व में टीम ने ट्रेन में यात्रियों के बैग से मोबाइल चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया।
सफर के दौरान चोरी हुआ था यात्री का बैग
प्रेस नोट के अनुसार, फरियादी गणेश सिंह ने 12 अगस्त 2026 को घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह ट्रेन क्रमांक 12628 कर्नाटक एक्सप्रेस के कोच बी/2 में बर्थ नंबर 53 पर आगरा से भोपाल की यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान उनका ट्रॉली बैग सीट के नीचे रखा हुआ था। सोते समय अज्ञात बदमाश ट्रॉली बैग चोरी कर ले गया।
बैग में एप्पल कंपनी का आईपैड, एप्पल चार्जर, कपड़े, पर्स, नकदी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, आरसी, फोटो, स्पोर्ट्स शूज, डायरी और अन्य सामान था। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 50,800 रुपये बताई गई।
संदिग्ध से पूछताछ में खुला चोरी का राज
23 अगस्त 2026 को जीआरपी थाना बीना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि डाक बंगला के पीछे दुकानों के पास एक व्यक्ति हाथ में आईपैड लिए राहगीरों और दुकानदारों से उसे बेचने की बात कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नितिन यादव पिता शंभू सिंह यादव, उम्र 37 वर्ष, निवासी राजपूत कॉलोनी, रमलीला मैदान, थाना कोतवाली, जिला विदिशा बताया।
आरोपी से आईपैड के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। संदेह के आधार पर उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की गई, जिसमें उसके खिलाफ थाना कोतवाली विदिशा, जीआरपी विदिशा और देहात थाना विदिशा में कुल 11 अपराध दर्ज होना सामने आया।
कपड़े की थैली में छिपाकर रखे थे मोबाइल
पुलिस की पूछताछ में आरोपी के बताए स्थान समाज कल्याण केंद्र के पास डेरा, पूर्वी रेलवे कॉलोनी बीना से एक कपड़े की थैली बरामद की गई। इसमें विभिन्न कंपनियों के 34 मोबाइल फोन मिले। इसके अलावा आरोपी के पास पहले से रखे एप्पल कंपनी के दो मोबाइल भी बरामद किए गए।
इस तरह पुलिस ने कुल 36 मोबाइल फोन और एक आईपैड बरामद किया। बरामद मोबाइलों की कीमत करीब 7 लाख 31 हजार रुपये तथा आईपैड की कीमत करीब 51 हजार रुपये बताई गई है। कुल बरामद मशरूके की कीमत करीब 7 लाख 82 हजार रुपये है।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 11 मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी नितिन यादव के खिलाफ विदिशा जिले के विभिन्न थानों में चोरी, मारपीट, आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में कुल 11 प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक रेल बीना रामस्नेह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक बी.बी.एस. परिहार सहित पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम की इस कार्रवाई से ट्रेनों में यात्रियों के सामान और मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में सफर के दौरान अपने मोबाइल, बैग और अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल जीआरपी को सूचना दें।



