पांढुर्णा / 07 सितंबर 2026 / मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशानुसार जिला कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ एवं जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन तथा विकासखण्ड समन्वयक श्री दिलीप आठनेरे की उपस्थिति में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, पांढुर्णा में ‘माटी गणेश, सिद्ध गणेश’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा गणेश उत्सव के दौरान पर्यावरण-अनुकूल प्रतिमाओं के उपयोग को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) एवं रासायनिक रंगों से निर्मित प्रतिमाओं के जलाशयों में विसर्जन से होने वाले पर्यावरणीय दुष्प्रभावों के संबंध में उपस्थित प्रतिभागियों को जानकारी दी गई।
इस अवसर पर प्रशिक्षक सुश्री खुशी शर्मा द्वारा प्रतिभागियों को प्राकृतिक मिट्टी से पर्यावरण-अनुकूल गणेश प्रतिमा तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया। सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थियों एवं प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वयं मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाना सीखा।
विकासखण्ड समन्वयक श्री दिलीप आठनेरे ने कहा कि ‘माटी गणेश, सिद्ध गणेश’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से गणेश प्रतिमा का विसर्जन घर पर ही गमले में करने तथा विसर्जित मिट्टी में पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनने की अपील की।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था अवध विद्यापीठ शिक्षण संस्था के अध्यक्ष श्री राजेश कुमार मानकर,परामर्शदाता श्री श्याम दलवी, श्री प्रवीण साहू, प्रस्फुटन समिति के सदस्य, भूतपूर्व छात्र तथा बीएसडब्ल्यू/एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थी उपस्थित रहे।



