छिंदवाड़ा। सेवा के 25 वर्ष - सुशासन, गरीब कल्याण, राष्ट्र निर्माण की भावना को समर्पित "आशीर्वाद का दीया प्रज्वलन समारोह" का आयोजन आज दिनांक 17 सितंबर 2026 को सायं 07:00 बजे छोटा तालाब, छिंदवाड़ा में हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ किया गया।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री अजय पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उपस्थित अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि एक दीया अंधकार को दूर कर प्रकाश, आशा और सकारात्मकता का संदेश देता है। "आशीर्वाद का दीया" समाज में सेवा, समरसता और एकता का प्रतीक है। विगत 25 वर्षों की सेवा यात्रा में जनसेवा से देशसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया गया है।
जिला कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं तथा सेवा भाव को जन आंदोलन का रूप देते हैं। पुलिस अधीक्षक श्री अजय पांडे ने कहा कि पुलिस प्रशासन आमजन के सहयोग से ही सशक्त होता है और ऐसे सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजन पुलिस-पब्लिक के बीच विश्वास को और मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम स्थल पर आकर्षक साज-सज्जा की गई थी। बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने दीप प्रज्वलित कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की। पूरा वातावरण देशभक्ति एवं उल्लास से सराबोर रहा। कार्यक्रम का समापन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक हुआ।



