हरई। जनपद पंचायत हरई के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत धनोरा में मानवता विकास वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में स्वास्थ्य जांच एवं निःशुल्क दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया।
स्थान – ग्राम पंचायत धनोरा, जनपद पंचायत हरई। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
शिविर के दौरान करीब 80 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों द्वारा ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच करते हुए आवश्यक परामर्श दिया गया तथा सामान्य बीमारियों से बचाव और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की जानकारी भी दी गई। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर को ग्रामीणों का अच्छा प्रतिसाद मिला।
राजस्थान औषधालय के सहयोग से निःशुल्क दवा वितरण
स्वास्थ्य जांच के साथ ही राजस्थान औषधालय के सहयोग से ग्रामीणों को आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया। दवा मिलने से ग्रामीणों ने संस्था एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने बताया कि जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं और आवश्यक दवाइयां पहुंचाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
केसरी अस्पताल हरई का रहा विशेष सहयोग
शिविर को सफल बनाने में केसरी अस्पताल, हरई का विशेष सहयोग रहा। अस्पताल के संचालक डॉ. तारेंद डेहरिया एवं सीईओ दीपक चोरिया ने Drx प्रभात सिंग टेकाम, करिश्मा बघेल, कृष्णा प्रिंस चोटिला शिविर के आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। चिकित्सकीय टीम एवं सहयोगियों के प्रयासों से शिविर व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर डॉ. विनोद यादव की भी विशेष उपस्थिति रही। वहीं मानवता विकास वेलफेयर सोसाइटी की ओर से उपाध्यक्ष डॉ. दीपक ठाकुर, कोषाध्यक्ष डॉ. रामकुमार आमगोरिया, सचिव अखिल सूर्यवंशी एवं सोनू चोरिया सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार सेवा का संकल्प
मानवता विकास वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक स्वास्थ्य और जनसेवा से जुड़ी सुविधाएं पहुंचाना है। इसी उद्देश्य को लेकर समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर, निःशुल्क दवा वितरण एवं अन्य सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
पदाधिकारियों ने कहा कि आने वाले समय में भी ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। संस्था द्वारा सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।



