राजस्व विभाग एवं नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों ने भेडा़घाट रोड स्थित एल एंड डी फूड्स राइस मिल का आकस्मिक निरीक्षण कर अनाधिकृत तौर पर 580 बोरियों में रखा 290 क्विंटल चावल जप्त किया है। जप्त की गई चावल की ये बोरियां एक अन्य मिलर त्रिमूर्ति ट्रेडर्स की थी और इसे नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा आवंटित किये गये धान से बनाया गया था।
एल एंड डी फूड्स राइस मिल के आकस्मिक निरीक्षण की यह कार्यवाही नागरिक आपूर्ति निगम की क्षेत्रीय प्रबंधक के निर्देश पर कल शुक्रवार को की गई। कार्यवाही में शामिल नागरिक आपूर्ति निगम के कनिष्ठ सहायक दुष्यन्त मांझी ने बताया कि धान से चावल बनाने के बाद त्रिमूर्ति ट्रेडर्स को इसे भारतीय खाद्य निगम को दिया जाना था। लेकिन भारतीय खाद्य निगम द्वारा अत्यधिक नमी होने की वजह से इसे रिजेक्ट कर दिया गया।
नागरिक आपूर्ति निगम के कनिष्ठ सहायक ने बताया कि चावल रिजेक्ट हो जाने के बाद त्रिमूर्ति ट्रेडर्स को उसे अपने गोदाम में ही वापस रखना चाहिये था। लेकिन उसे नागरिक आपूर्ति निगम की बिना अनुमति और पूर्व सूचना के एल एंड डी फूड्स राइस मिल में रख दिया गया। उन्होंने बताया कि चावल को जप्त करने की कार्यवाही के दौरान एल एंड डी फूड्स राइस मिल के संचालक रोहित जैन तथा त्रिमूर्ति ट्रेडर्स की संचालक संगीता जैन की ओर से उनके पति कमल जैन भी मौजूद थे।
जप्त किये गये चावल को आगामी कार्यवाही तक एल एंड डी फूड्स राइस मिल के संचालक की सुपुर्दगी में दे दिया गया है और परीक्षण हेतु इसके नमूने भी लिये गये हैं। आकस्मिक निरीक्षण की कार्यवाही में तहसीलदार शहपुरा राजीव मिश्रा, नायब तहसीलदार विकास चंद जैन, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्रीमती नीलम उपाध्याय भी शामिल थे।
Department Of Revenue, Madhya Pradesh
Department of Food, Civil Supplies & Protection - Madhya Pradesh
#JansamparkMP #jabalpur



