हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग एवं यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करने के लिये आज से चलाया जा रहा है 10 दिवसीयजन जागरूकता अभियान
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस परिवहन एवं शोध संस्थान, पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश द्वारा दिनांक 28.09.2026 से 08.10.2026 तक 10 दिवसीय हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग के संबंध में एक व्यापक प्रवर्तन एवं जन जागरूकता अभियान चलाये जाने के निर्देष जारी किए गए है।
उल्लेखनीय है कि उक्त अभियान का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित न रखते हुए वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता, जिम्मेदार वाहन संचालन तथा सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देना है।
इसी क्रम में आज दिनांक 28.09.2026 को पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अखिलेश तिवारी के नेतृत्व में यातायात के तीनों थानों द्वारा हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग को लेकर विशेष प्रवर्तन तथा जन-जागरूकता अभियान संचालित किया गया ।
यातायात पुलिस द्वारा नियमित रूप से प्रमुख चौराहों, मार्गों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेकिंग प्वाइंट लगाकर दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट के उपयोग तथा चारपहिया वाहन चालकों एवं सवारियों द्वारा सीट बेल्ट के उपयोग की जांच की जा रही है। हेलमेट न पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग न करने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को मौके पर आवश्यक समझाइश देकर भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने हेतु निर्देशित किया जा रहा है।
इसी क्रम में गुरूनानक खालसा हायर सैकेण्डरी स्कूल चौथा पुल में श्री बैजनाथ प्रजापति उप.पुलिस अधीक्षक यातायात गढ़ा, सउनि रामभूपत पटेल यातायात गढ़ा द्वारा लगभग 200 छात्रों एवं स्कूल स्टॉफ को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। एकीकृत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्यौहारबाग में अष्विनी पटेल थाना प्रभारी यातायात घमापुर हमराह स्टॉफ द्वारा लगभग 350 छात्राओं एवं स्कूल स्टॉफ को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही यातायात के तीनों थानों द्वारा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 92 वाहन चालकों एवं बिना सीट बेल्ट के चार पहिया वाहन चलाने वाले 61 वाहन चालकों पर नियमानुसार मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्यवाही कर 58100/- रूपये समन शुक्क प्राप्त किया गया।
यातायात पुलिस की अपील- सड़क दुर्घटनाओं से बचने हेतु आम नागरिकों से अपील है कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक एवं पीछे बैठने वाली सवारी अनिवार्य रूप से मानक हेलमेट पहनें तथा चारपहिया वाहन में चालक एवं सभी पात्र सवारियां सीट बेल्ट का उपयोग करें,वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करें। स्वयं सुरक्षित रहें और अपने परिवार एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।



