जबलपुर/ भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लोकायुक्त पुलिस जबलपुर की टीम ने बुधवार 17 सितंबर को बम्हनी बंजर उप तहसील कार्यालय में कार्रवाई करते हुए 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते एक प्राइवेट बाबू को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मामले में नायब तहसीलदार अजय श्रीवास्तव की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार ग्राम सिल्गी निवासी रोहणी प्रसाद चंद्रौल (55) ने अपने पिता स्वर्गीय झनक लाल चंद्रौल के नाम दर्ज कृषि भूमि का वसीयतनामा के आधार पर अपने पुत्र आलोक चंद्रौल के नाम नामांतरण कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। नामांतरण आदेश जारी कराने के एवज में उप तहसील बम्हनी बंजर में पदस्थ नायब तहसीलदार अजय श्रीवास्तव और उनके कार्यालय में प्राइवेट बाबू के रूप में कार्यरत हरीश सिंगौर (42), निवासी ग्राम ढेको, तहसील मंडला द्वारा 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगे जाने की शिकायत लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय जबलपुर में की गई थी।
शिकायत सत्यापन के बाद घटाई रकम
शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत की रकम 10 हजार से घटाकर 8 हजार रुपये में काम करने पर सहमति बनी। इसके बाद लोकायुक्त पुलिस ने शिकायतकर्ता के माध्यम से आरोपियों को रिश्वत की रकम देने की योजना बनाई।
8 हजार लेते ही दबोचा
योजनाबद्ध कार्रवाई के तहत 17 सितंबर को लोकायुक्त टीम बम्हनी बंजर उप तहसील कार्यालय पहुंची। जैसे ही हरीश सिंगौर ने शिकायतकर्ता से 8 हजार रुपये की रिश्वत ली, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद कार्यालय परिसर में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई।
इन धाराओं में प्रकरण दर्ज
लोकायुक्त पुलिस ने नायब तहसीलदार अजय श्रीवास्तव और हरीश सिंगौर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)बी, 13(2) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त भोपाल योगेश देशमुख के निर्देशन एवं पुलिस उप महानिरीक्षक लोकायुक्त मनोज सिंह के नेतृत्व में की गई।



