योगेश गजभिये पांढुरना.गोटमार मेले के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर बुधवार को नगर के लक्ष्मी स्मृति भवन में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने की। बैठक में दोनों पक्षों के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं पत्रकारों ने भाग लेकर मेले के आयोजन को लेकर अपने सुझाव दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने कहा कि गोटमार मेला परंपरा के अनुसार ही संपन्न कराया जाएगा, लेकिन गोफन चलाने वालों पर इस बार सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। उन्हें किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि आपका जीवन आपके परिजनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं कीमती है। इसे ध्यान में रखते हुए सुरक्षित रूप से गोटमार मेला मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें।
उल्लेखनीय है कि विभिन्न किवदंतियों एवं परंपराओं से जुड़ा प्रसिद्ध गोटमार मेला इस वर्ष 11 सितंबर 2026, शुक्रवार को आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन नगर के मध्य से प्रवाहित होने वाली जाम नदी के राधाकृष्ण मंदिर परिसर में होगा। मेले को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
बैठक में नागरिकों ने सुझाव दिया कि मेले के दिन शराब की बिक्री पर रोक, मोटर वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने, मेला स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा गोफन के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने की दिशा में कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने प्राप्त सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि पूर्व में जिस प्रकार मेले का आयोजन होता आया है, उसी परंपरागत स्वरूप में आयोजन किया जाएगा। इसमें अनावश्यक रूप से कोई नया बदलाव लागू नहीं किया जाएगा। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित रहे।
डॉक्टर और एंबुलेंस की रहेगी व्यवस्था
मेले के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि मेला स्थल पर डॉक्टरों की व्यवस्था के साथ एंबुलेंस उपलब्ध रहेगी। प्रशासन द्वारा आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
8 सितंबर को लगेगा साप्ताहिक बाजार
गोटमार मेला शुक्रवार को होने के कारण कलेक्टर ने नगर पालिका को निर्देश दिए कि मंगलवार, 8 सितंबर को साप्ताहिक बाजार आयोजित किया जाए। नगर पालिका द्वारा व्यापारियों एवं आमजन को इसकी सूचना देने के निर्देश दिए गए, ताकि मेले के दिन अतिरिक्त भीड़ एवं यातायात का दबाव कम रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक चंद्रप्रकाश परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनकामना प्रसाद, अपर कलेक्टर ज्योति ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर नेहा सोनी, एसडीएम पांढुर्णा अलका एक्का, विधायक निलेश उइके, भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड़, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप घाटोड़े, नगर पालिका सभापति उमेश उरकुड़े, प्रदीप जुननकर, विशाल जामसावली पदयात्रा समिति अध्यक्ष मनोज गुड़धे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।



