योगेश गजभिये पांढुरना.गोटमार मेले के मद्देनजर जिले में प्रभावी की गई ड्राई-डे व्यवस्था के दौरान अवैध मदिरा के परिवहन एवं विक्रय पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा सघन नाकेबंदी एवं गश्त की जा रही है। इसी क्रम में 11 सितंबर 2026 को कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी पांढुर्णा नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री बी.आर. वैद्य की उपस्थिति में जिला आबकारी टीम द्वारा बैतूल हाईवे स्थित मोही घाट के पास चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति के कब्जे से दो पेटी देशी मसाला एवं प्लेन मदिरा, कुल 100 पाव शराब, जब्त की गई।
आबकारी टीम द्वारा पांढुर्णा की ओर आने वाले मार्ग पर नाकेबंदी कर वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान चेकिंग में उक्त मदिरा बरामद हुई। मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
क्यूआर कोड एवं होलोग्राम की भी की गई जांच
जब्त मदिरा की वैधता एवं पहचान की जांच के लिए आबकारी टीम द्वारा बोतलों पर अंकित क्यूआर कोड को स्कैन कर सत्यापन किया गया। जांच के दौरान मदिरा पर अंकित होलोग्राम सही पाया गया। हालांकि मदिरा के अवैध कब्जे एवं निर्धारित नियमों के उल्लंघन के कारण आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
गोटमार मेले को लेकर आबकारी विभाग की सतत निगरानी
गोटमार मेले के दौरान जिले में अवैध मदिरा के परिवहन, भंडारण एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार नाकेबंदी, गश्त एवं संदिग्ध स्थानों पर चेकिंग की जा रही है। विभाग द्वारा मेले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मार्गों एवं क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है।
इस कार्रवाई में सहायक आबकारी आयुक्त बी.आर. वैद्य, सहायक जिला आबकारी अधिकारी जी.एल. मरावी, गोटमार मेला प्रभारी भारती गोंड, वासुदेवाचार्य त्रिपाठी, आबकारी उपनिरीक्षक जीत सिंह धुर्वे, नरेंद्र नागेश, रवींद्र लिल्हारे, हर्ष सोनी तथा वृत्त प्रभारी अनिकेत पटेल सहित जिला आबकारी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



