योगेश गजभिये पांढुरना.आगामी कल 11 सितंबर को पांढुर्णा में आयोजित होने वाले गोटमार मेले को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। जिला पुलिस द्वारा मेले के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, पार्किंग एवं नागरिक सुरक्षा को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
पुलिस द्वारा जारी सूचना के अनुसार मेले के दौरान गोफन के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ ही भीड़ एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था
मेले के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है। आवश्यकतानुसार यातायात मार्गों में परिवर्तन एवं वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किया जाएगा।
नागरिकों से शांति एवं सहयोग की अपील
पुलिस प्रशासन ने मेले में आने वाले नागरिकों से शांति, संयम एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए प्रशासन द्वारा सतत निगरानी की जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए गोटमार मेले को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में सहयोग प्रदान करें।



