योगेश गजभिये पांढुरना.मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में जिला कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ एवं जिला समन्वयक अखिलेश जैन के मार्गदर्शन में शासकीय हाईस्कूल सावरगांव में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विकासखण्ड समन्वयक दिलीप आठनेरे एवं शाला प्राचार्या शिला सांबारे की उपस्थिति में सतपुड़ा ईको क्लब के छात्र-छात्राओं तथा जन अभियान परिषद के सदस्यों ने पीपल, नीम, करंजी एवं गुलमोहर के पौधे रोपे। पौधरोपण के माध्यम से विद्यालय परिसर की हरियाली को बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
शाला प्राचार्या शिला सांबारे ने बताया कि विद्यालय परिसर में पूर्व से मौजूद हरियाली को संरक्षित रखने तथा सूख चुके पौधों के स्थान पर नए पौधे लगाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
इस अवसर पर नवांकुर संस्था अध्यक्ष राजेश कुमार मानकर, परामर्शदाता श्याम दलवी एवं वर्षा खुरसंगे, बीएसडब्ल्यू छात्र वासुदेव मानकर, शालेय स्टाफ तथा ईको क्लब के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में विकासखण्ड समन्वयक दिलीप आठनेरे ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं सदस्यों को पर्यावरण संरक्षण एवं पौधों की देखभाल का संकल्प दिलाया।



