योगेश गजभिये पांढुरना.कलेक्टर सभाकक्ष में मंगलवार को अपर कलेक्टर ज्योति ठाकुर की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। अपर कलेक्टर ज्योति ठाकुर ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में आबादी/स्वामित्व सर्वे के दौरान हुई तकनीकी त्रुटि को सुधारने एवं शासकीय मद से हटाकर आवेदक के नाम पट्टा बहाल करने संबंधी आवेदन प्राप्त हुआ। इसके साथ ही बिजली चोरी के संबंध में लाइनमैन एवं जेई द्वारा पंचनामा बनाए जाने, ग्राम पंचायत भुयारी के ग्राम बेलगांव के वार्ड क्रमांक 13 में अधूरे नाली निर्माण कार्य को पूर्ण कराने, प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कराने तथा दिव्यांग आवेदक को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने संबंधी आवेदन भी प्रस्तुत किए गए।
इसी प्रकार संत ज्ञानेश्वर वारकरी सेवा समिति, पांढुर्णा को दान में दी गई भूमि की अनावेदक द्वारा अन्य व्यक्ति के नाम रजिस्ट्री किए जाने की जांच कर भूमि वापस दिलाने, कर्ज माफी सहित अन्य व्यक्तिगत एवं स्थानीय समस्याओं से संबंधित आवेदन भी नागरिकों द्वारा प्रस्तुत किए गए।
अपर कलेक्टर ज्योति ठाकुर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर पात्रतानुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा पात्र आवेदकों को शासन के प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक राहत उपलब्ध कराई जाए।
जनसुनवाई में संयुक्त कलेक्टर नेहा सोनी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पांढुर्णा अलका एक्का, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सौसर सिद्धार्थ पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



